राहुल गांधी पर एक प्रतिशत लोग भी नहीं करते भरोसा, कांग्रेस नेता की लोकप्रियता मात्र 0.58 प्रतिशत

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बेटे और सांसद राहुल गांधी पर देश के एक प्रतिशत लोग भी भरोसा नहीं करते। देश के मात्र 0.58 प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भरोसा जताया है। आईएएनएस-सीवोटर स्टेट ऑफ द नेशन सर्वे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में सबसे लोकप्रिय बने हुए हैं। सर्वे में प्रधानमंत्री मोदी की अप्रूवल रेटिंग 65.69 प्रतिशत देखने को मिली है। आउटलुक की खबर के अनुसार देश भर में 3000 लोगों के बीच किए गए आईएएनएस-सीवोटर सर्वे में शुद्ध संतुष्टि औसत को देखें तो कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महज 0.58 प्रतिशत लोगों का भरोसा जीतने में कामयाब हो पाए हैं। उनकी संतुष्टि रेटिंग हरियाणा, हिमाचल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में तो नकारात्मक है।

राहुल गांधी से ज्यादा लोकप्रिय है कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री
आईएएनएस-सी वोटर के सर्वे में यह बात सामने आई है कि छत्तीसगढ़, राजस्थान जैसे कांग्रेस शासित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों या फिर महाराष्ट्र जैसे वे राज्य जहां कांग्रेस सत्ता में साझीदार है, वहां के मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता राहुल गांधी से भी ज्यादा है। कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के पक्ष में सिर्फ 5.41 प्रतिशत लोग आए। सी वोटर के यशवंत देशमुख के अनुसार छत्तीसगढ़ जैसे कांग्रेस शासित राज्यों में भी प्रधानमंत्री मोदी को तो छोड़िए, राहुल गांधी अपने ही मुख्यमंत्री के साथ प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते। एक अन्य कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान में सिर्फ 1.49 प्रतिशत लोगों ने राहुल पर भरोसा जताया है। बिहार में इस साल के अंत में चुनाव होना है, वहां राहुल की स्थिति और खराब है। बिहार में केवल 0.86 प्रतिशत लोगों ने राहुल गांधी पर भरोसा जताया है। राज्य के 45.33 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे उनसे बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं।

10 राज्यों मे निगेटिव रेटिंग
राहुल के लिए चिंता की बात तो यह है कि पंजाब और महाराष्ट्र सहित 10 से अधिक राज्यों में उनकी रेटिंग नकारात्मक है। हिमाचल प्रदेश में उनकी स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां उनकी रेटिंग माइनस 22.34 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में माइनस 11.18, पंजाब में माइनस 15 और मध्य प्रदेश में माइनस 2.41 प्रतिशत है।

Comments